हरिद्वार कांवड़ मेले के पहले दिन बड़ा हादसा: ललतारौ पुल के पास धंसी सड़क, गड्ढे में गिरी महिला; CCTV वीडियो वायरल

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

हरिद्वार: कांवड़ मेला-2026 के पहले ही दिन हरिद्वार में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। ललतारौ पुल के पास बीच बाजार में अचानक सड़क धंसने से एक महिला यात्री गहरे गड्ढे में गिर गई। हादसे में महिला को मामूली चोटें आईं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद कांवड़ मेले की तैयारियों और शहर की सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

 

अचानक धंसी सड़क, गड्ढे में गिरी महिला

 

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह हरिद्वार के बाजार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ थी। इसी दौरान एक महिला अपने परिजनों के साथ ललतारौ पुल के पास होटल के सामने से गुजर रही थी। जैसे ही उसने सड़क पर कदम रखा, सड़क अचानक धंस गई और वह मिट्टी के साथ गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

स्थानीय लोगों और महिला के परिजनों ने तुरंत उसे गड्ढे से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार महिला को हल्की चोटें आई हैं।

 

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

 

घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वायरल वीडियो में महिला हाथ में बैग लेकर सड़क पर चलते हुए दिखाई देती है। अचानक सड़क धंस जाती है और वह आधी गड्ढे में समा जाती है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

 

पानी की पाइपलाइन लीकेज बनी वजह

 

लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सुरक्षित किया गया और शाम तक गड्ढा भरकर आवाजाही बहाल कर दी गई।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क के नीचे पानी की पाइपलाइन में रिसाव (लीकेज) हो रहा था। लगातार रिसाव के कारण मिट्टी कमजोर होकर बैठ गई और दबाव पड़ते ही सड़क धंस गई।

 

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

 

हरिद्वार में पिछले एक वर्ष से नई सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर लाइन के बाद सड़कों की मरम्मत में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। इससे पहले भी खड़खड़ी और पावन धाम रोड सहित कई स्थानों पर सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एक महीने पहले हुई बारिश के दौरान पावन धाम रोड पर दो ट्रक और एक कार भी सड़क धंसने के कारण फंस गई थीं।

 

कांवड़ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना के बीच यह घटना प्रशासन और संबंधित विभागों के लिए चिंता का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *