देहरादून: सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून के कोतवाली पटेल नगर में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। एक महिला ने शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उर्मिला सनावर ने उसके और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। साथ ही महिला की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को लेकर भी कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। शिकायत में परिवार को जान से मरवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, देवऋषि एनक्लेव, देहरखास निवासी महिला ने 12 सितंबर को कोतवाली पटेल नगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 10 सितंबर को अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर महिला की मुख्यमंत्री के साथ वाली प्रोफाइल फोटो को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। आरोप है कि उर्मिला ने फेसबुक के जरिए महिला का मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किया और उसके संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की।
शिकायत के अनुसार, महिला ने जब इसका विरोध किया तो उर्मिला की ओर से कथित तौर पर धमकी भरे अंदाज में जवाब दिया गया। इसके बाद एक दूसरी फेसबुक आईडी से महिला की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के खिलाफ भी कथित आपत्तिजनक और मानसिक आघात पहुंचाने वाली टिप्पणी की गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उर्मिला की एक मित्र को फोन कर महिला और उसके बच्चों को जान से मरवाने की धमकी दी गई। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया है कि उर्मिला सनावर के खिलाफ यह छठा मुकदमा है। इससे पहले देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में दो, डालनवाला में एक तथा हरिद्वार जिले के बहादराबाद और ज्वालापुर में एक-एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
हालांकि, मौजूदा मामले में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मुकदमा दर्ज होना अपने आप में आरोपों का प्रमाण नहीं है और मामले में अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगा।