चारधाम यात्रा के बीच बड़ा हादसा: बदरीनाथ हाईवे पर पलटा टेंपो ट्रैवलर, महिला श्रद्धालु की मौत; 17 घायल

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

चमोली। उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के बीच शुक्रवार तड़के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के समीप पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए।

 

जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में चालक सहित कुल 18 लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु गाजियाबाद से भगवान बदरीनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे। जोशीमठ के पास पैनी क्षेत्र में वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव दल ने वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

 

हादसे में गाजियाबाद निवासी महिला यात्री आरती की मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं, घायल यात्रियों की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

 

ज्योर्तिमठ कोतवाल देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत हुई है जबकि 17 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

 

चारधाम यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित यात्रा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *