तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो किशोरों को मारी टक्कर, 14 वर्षीय किशोर की मौत

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुल्तानपुर-इस्माइलपुर मार्ग पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो किशोरों को पीछे से टक्कर मार दी।

 

जानकारी के अनुसार, पतंजलि से कर्मचारियों को छोड़ने जा रही एक बस ने सुल्तानपुर-इस्माइलपुर रोड पर स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार 14 वर्षीय अंशुल पुत्र समय सिंह निवासी पचेवाली, सुल्तानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ मौजूद 12 वर्षीय आयुष (वंश) पुत्र ब्रह्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं अंशुल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का आरोप है कि बस चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और संभवतः नशे की हालत में था। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना शाम करीब सात बजे मिली थी। एक किशोर की मौत हुई है जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *