पौड़ी गढ़वाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने उत्तराखंड दौरे के दौरान अंकिता भंडारी के माता-पिता से वीडियो कॉल पर बातचीत की। राहुल गांधी की पौड़ी गढ़वाल में उनसे मुलाकात प्रस्तावित थी, लेकिन खराब मौसम के कारण दौरा रद्द होने पर उन्होंने वर्चुअल माध्यम से परिवार का हालचाल जाना और मुलाकात का भरोसा दिया।
राहुल गांधी गुरुवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे थे। उनके अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और देहरादून में कई कार्यक्रम निर्धारित थे, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका विमान अल्मोड़ा नहीं पहुंच सका। इसके बाद उन्हें पंतनगर एयरपोर्ट से वापस दिल्ली लौटना पड़ा, जिससे उनके सभी कार्यक्रम निरस्त हो गए।
पौड़ी के कंडोलिया मैदान में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और पूर्व सैनिक एकत्र हुए थे। हालांकि मौसम की बाधा के कारण वे कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके। बाद में उन्होंने वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित किया और कहा कि जल्द ही वह उत्तराखंड का दौरा कर जनता के बीच पहुंचेंगे।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने राज्य और देश के मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे युवाओं के भविष्य और सुरक्षा को लेकर कई चिंताएं पैदा हुई हैं। उनका कहना था कि पहले सेना में भर्ती होने वाले जवानों और उनके परिवारों को दीर्घकालिक सुरक्षा मिलती थी, जबकि नई व्यवस्था में कई सवाल अनुत्तरित हैं।
इसी दौरान कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल की पहल पर राहुल गांधी की अंकिता भंडारी के माता-पिता से वीडियो कॉल पर बातचीत कराई गई। बातचीत में अंकिता के माता-पिता ने उनसे मिलने की इच्छा जताई।
इस पर राहुल गांधी ने कहा कि वे जब चाहें उनसे मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि गणेश गोदियाल के माध्यम से समय निर्धारित कर मुलाकात की जा सकती है। राहुल गांधी ने परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं और वे अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी उनसे मिलने आ सकते हैं।