देहरादून। देहरादून में 26 अगस्त को शिवाजी धर्मशाला से टपकेश्वर मंदिर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा सुबह 10 बजे शिवाजी धर्मशाला से रवाना होगी। इसके मद्देनजर दून पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है।
शोभायात्रा शिवाजी धर्मशाला से सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पलटन बाजार, घंटाघर, बिंदाल, कैंट क्षेत्र, डाकरा बाजार और गढ़ी कैंट चौक होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा के मार्ग में पहुंचने के साथ यातायात को चरणबद्ध तरीके से डायवर्ट किया जाएगा।
शिवाजी धर्मशाला से शोभायात्रा रवाना होने पर निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को जीएमएस रोड की ओर भेजा जाएगा। प्रिंस चौक और रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहनों को रोक-रोककर निकाला जाएगा। बल्लीवाला और लक्ष्मण चौक से सहारनपुर चौक की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
शोभायात्रा के घंटाघर पहुंचने पर घंटाघर से चकराता रोड जाने वाले यातायात को दिलाराम चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बल्लूपुर की ओर से आने वाले वाहनों को किशननगर चौक, बिंदाल चौकी कट और कैंट क्षेत्र होते हुए दिलाराम चौक की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा बिंदाल कट पार करने के बाद संबंधित डायवर्जन सामान्य कर दिए जाएंगे।
शोभायात्रा के डाकरा क्षेत्र में पहुंचने पर वाटिका तिराहा और पोस्ट ऑफिस के आसपास भी यातायात को जरूरत के अनुसार रोका और डायवर्ट किया जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा डाकरा रोड पार करने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
पुलिस ने पटेल नगर मंडी, बल्लीवाला चौक, मातावाला बाग तिराहा, बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक, दर्शनलाल चौक, प्रिंस चौक और घंटाघर को प्रमुख बैरियर एवं डायवर्जन प्वाइंट बनाया है।
पुलिस के अनुसार 14:00 से 20:00 बजे तक घंटाघर, चकराता रोड और बल्लूपुर से घंटाघर मार्ग का इस्तेमाल करने से वाहन चालकों को बचना होगा। वहीं शोभायात्रा के मद्देनजर सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक सभी प्रकार के लोडिंग वाहनों का शहर क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने शहरवासियों से अपील की है कि शोभायात्रा के मार्गों का प्रयोग करने से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक एवं डायवर्जन मार्गों का इस्तेमाल करें। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में पुलिस को सहयोग मिलेगा।