देहरादून: देश के कुछ राज्यों में सीजनल इन्फ्लुएंजा और श्वसन संबंधी मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए उत्तराखंड सरकार भी सतर्क हो गई है। स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को बचाव एवं रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी निर्देशों के आधार पर राज्य सरकार ने सभी जिलों को संभावित बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सतर्क रहने और तत्काल रोकथाम की कार्रवाई करने को कहा है। जिलों में तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के साथ इन्फ्लुएंजा और निमोनिया की रोकथाम एवं नियंत्रण से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी चिकित्सा संस्थानों, मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, बेस अस्पताल, संयुक्त अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में इन्फ्लुएंजा एवं निमोनिया के मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त आइसोलेशन बेड और वार्ड तैयार रखने को कहा गया है। इसके साथ ही ऑक्सीजन बेड, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सिलेंडर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। इनमें ओसेल्टामिविर कैप्सूल या सिरप और आवश्यक एंटीबायोटिक्स शामिल हैं। इसके अलावा PPE किट, N-95 मास्क और VTM वायरल की पर्याप्त उपलब्धता के साथ चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। छींकते या खांसते समय नाक और मुंह को रूमाल या टिश्यू से ढकने, साबुन-पानी से नियमित रूप से हाथ धोने और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचने की सलाह दी गई है।
विभाग ने कहा है कि ILI यानी इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी और SARI यानी गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लिया जाए और केवल डॉक्टर की सलाह पर दवाइयों का इस्तेमाल किया जाए। बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
आईडीएसपी और स्वास्थ्य आपातकालीन संचालन केंद्र (HEOC) उत्तराखंड के माध्यम से मौसमी इन्फ्लुएंजा की स्थिति की रियल टाइम निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने किसी भी असामान्य स्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित निगरानी तंत्र को देने के निर्देश दिए हैं।