रामनगर: नैनीताल पुलिस ने जिले में अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर स्थित एक लग्जरी रिसॉर्ट में चल रहे कथित हाई-प्रोफाइल देह व्यापार और अश्लील पार्टी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। वहीं, एक नाबालिग समेत 10 महिलाओं को मौके से सुरक्षित मुक्त कराया गया। कार्रवाई के बाद प्रशासन ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने 4 जुलाई को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर रिसॉर्ट में छापा मारा। पुलिस के अनुसार मौके पर बड़ी संख्या में लोग कथित तौर पर अनैतिक देह व्यापार, शराब पार्टी, महिलाओं से अश्लील डांस कराने और उन पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियों में शामिल मिले।
दो दिन के लिए बुक किया गया था रिसॉर्ट
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी उमेंद्र कुमार ने बताया कि उसने अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के लिए पार्टी आयोजित की थी। जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट को दो दिनों के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था। पुलिस के मुताबिक महिलाओं की व्यवस्था कथित तौर पर प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से कराई गई थी।
रजिस्टर में नहीं दर्ज किए गए मेहमान
जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट प्रबंधन ने होटल स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में आने वाले लोगों और महिलाओं का विवरण आगंतुक रजिस्टर में दर्ज न किया जाए, ताकि गतिविधियों का कोई रिकॉर्ड न रहे।
रिसॉर्ट सील, जनरल मैनेजर फरार
कथित अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है। वहीं, रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
छापेमारी में मिला भारी सामान
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में शराब, बीयर, साउंड सिस्टम, लैपटॉप, मोबाइल फोन, कथित आपत्तिजनक सामग्री और नोट उड़ाने के लिए इस्तेमाल की जा रही 10 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद की हैं। जब्त किए गए मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।
कई धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
इस कार्रवाई के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अभियान में शामिल पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया। पुलिस ने कहा कि जिले में मानव तस्करी, देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।