देहरादून। झाझरा स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर श्री बालाजी धाम में गुरुवार को चतुर्विंशतिः (24वां) हनुमान जयंती महोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। महोत्सव में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भव्य दर्शन किए और पूजा-अर्चना में सहभागिता की।
इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) अपनी धर्मपत्नी श्रीमती गुरमीत कौर के साथ मंदिर पहुंचे। उनके साथ मुख्य सचिव आनंद वर्धन भी धर्मपत्नी एवं परिवार सहित उपस्थित रहे। सभी ने श्री बालाजी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

महोत्सव के दौरान प्रातःकाल तारों की छांव में श्री बालाजी महाराज को स्वर्ण चोला अर्पित किया गया। इसके बाद रुद्राभिषेक, संकीर्तन-भजन और संकट मोचन यज्ञ का आयोजन किया गया। भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए और सवा 11 मन लड्डू के महाप्रसाद का भोग लगाया गया।

दोपहर 12 बजे से अटूट भंडारे का आयोजन शुरू हुआ, जो देर रात्रि तक चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, सचिव अजय गोयल, भंडार प्रभारी राजकुमार बंसल, कोषाध्यक्ष राजकुमार सहित समस्त सेवादार उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं का संचालन किया।