देहरादून में बढ़ते अपराध और नशे के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, लक्की राणा ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

देहरादून। राजधानी देहरादून में बढ़ते अपराध और युवाओं में फैलती नशे की प्रवृत्ति को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। हाल ही में ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हत्या के बाद शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव लक्की राणा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि शहर में कई बार, पब और क्लब निर्धारित समय सीमा के बाद भी संचालित हो रहे हैं, जिससे नशे और आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

ज्ञापन में कहा गया कि देर रात तक खुले रहने वाले बार और क्लब शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था के प्रमुख कारण बन रहे हैं। ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हत्या जैसी घटनाएं स्थिति की गंभीरता को दर्शाती हैं और आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल बना रही हैं।

इस दौरान लक्की राणा ने कहा कि वर्तमान हालात प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि शासन अक्सर तब जागता है जब कोई बड़ी घटना घट जाती है, जो चिंताजनक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा युवाओं के भविष्य, सामाजिक सुरक्षा और शहर की शांति से जुड़ा है।

कांग्रेस की ओर से मांग की गई है कि बार, पब और क्लबों के संचालन समय का सख्ती से पालन कराया जाए। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीलिंग और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। साथ ही आबकारी और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से रात्रिकालीन अभियान चलाएं, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाए और आम जनता के लिए 24×7 हेल्पलाइन तथा व्हाट्सएप नंबर जारी किया जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

लक्की राणा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो निर्धारित समय के बाद संचालित पब, बार और क्लबों में तालाबंदी की जाएगी और जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संजय गौतम, विजय प्रसाद भट्टाराई, अभिषेक तिवारी, विनोद कुमार, अरुण बलूनी, शिवम कुमार, ब्रह्मपाल, कुंदन आर्य, आदिल, राहुल और सौरव कुमार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *