बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में स्पाई कैमरे से रिकॉर्डिंग, पुलिस ने काटा चालान; डिलिट कराई वीडियो

बदरीनाथ/चमोली: बदरीनाथ धाम की सुरक्षा, गोपनीयता और धार्मिक मर्यादाओं को बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस लगातार सतर्क है। इसी क्रम में मंदिर के गर्भगृह में स्पाई कैमरे से अवैध रूप से वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए उसके मोबाइल में मौजूद सभी रिकॉर्डिंग तत्काल डिलीट करवा दी।

स्पाई कैमरे से कर रहा था रिकॉर्डिंग

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान जयप्रकाश पांडे, निवासी नोहर रोड, मुंबई के रूप में हुई। आरोप है कि वह बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे के माध्यम से वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग कर रहा था, जो मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित नियमों का उल्लंघन है।

पुलिस ने की चालानी कार्रवाई

मामले का संज्ञान लेते हुए चमोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की। साथ ही मंदिर की सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए उसके पास मौजूद सभी अवैध वीडियो और फोटो मौके पर ही डिलीट करवा दिए गए।

श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील

चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *