कांवड़ मेले से पहले हरिद्वार-बिजनौर पुलिस का संयुक्त मंथन, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर बनी रणनीति

MDDA Advertisement

हरिद्वार: आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के बिजनौर पुलिस अधिकारियों के बीच अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपसी समन्वय को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान

पुलिस के अनुसार इस वर्ष कांवड़ मेले में चार करोड़ से अधिक शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस संयुक्त रूप से मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी कर रही है।

डीजे, ट्रैफिक और बॉर्डर सुरक्षा पर हुई चर्चा

श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित पिनाका होटल में आयोजित बैठक में भारी वाहनों की आवाजाही, डीजे संचालन, भीड़ प्रबंधन, कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही, बॉर्डर चेकिंग और प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट्स पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति में वायरलेस संचार के माध्यम से त्वरित समन्वय स्थापित करने पर भी सहमति बनी।

संयुक्त निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

बैठक के बाद दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग, हाईवे और अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

हरिद्वार पुलिस ने जताई तैयारी

एसपी सिटी हरिद्वार अभय सिंह ने कहा कि हरिद्वार पुलिस कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर इस बार भी कांवड़ यात्रा को सफल बनाया जाएगा।

बैठक में एसपी ट्रैफिक हरिद्वार निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, बिजनौर के अपर पुलिस अधीक्षक गौतम राय, सीओ सिटी हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ नजीबाबाद आकांक्षा गौतम, सीओ ट्रैफिक भूपेंद्र सिंह, श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा सहित दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के समापन पर हरिद्वार पुलिस ने बिजनौर से आए अधिकारियों को गंगाजल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *