ऋषिकेश वन विभाग सर्वे के विरोध में ,छह प्रदर्शनकारी गिरफ्तार, 600 अज्ञात पर मुकदमा

ऋषिकेश। वन विभाग की ओर से किए जा रहे भूमि सर्वे के विरोध में रविवार को स्थानीय लोगों का प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के साथ-साथ रेलवे ट्रैक पर भी बैठकर विरोध किया, जिससे ऋषिकेश से श्रीगंगानगर जाने वाली ट्रेन घंटों तक खड़ी रही। इस दौरान पुलिस पर पथराव की घटना भी सामने आई। मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि करीब 600 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

 

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि रविवार को पहले गुमानीवाला क्षेत्र में लोग वन विभाग के सर्वे का विरोध कर रहे थे। इसके बाद करीब साढ़े बारह बजे प्रदर्शनकारी बाईपास मार्ग पर मनसा देवी फाटक तिराहे पर बैठ गए। कुछ लोग रेलवे ट्रैक पर भी पहुंच गए, जिसके चलते ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से श्रीगंगानगर जाने वाली ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। ट्रेन दोपहर 12:50 बजे से शाम 5:25 बजे तक गीतानगर में खड़ी रही।

 

इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने आईडीपीएल सिटी गेट, कोयलघाटी चौक और डीएसबी स्कूल के सामने बाईपास रोड पर भी जाम लगाया, जिससे पूरे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई। मनसा देवी रेलवे ट्रैक से लोगों को हटाने के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया।पुलिस ने मामले में भीड़ को उकसाने, हाईवे और रेलमार्ग बाधित करने समेत कई गंभीर धाराओं में कार्रवाई की है।

 

पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही पत्थरबाजी में शामिल लोगों की तस्वीरें भी जारी कर दी गई हैं और आम जनता से उनकी पहचान में सहयोग की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

गिरफ्तार किए गए लोगों में जहांगीर आलम, गंगा प्रसाद सिमल्टी, सुदेश भट्ट, संदीप भंडारी, योगेश डिमरी और सीताराम रणाकोटी शामिल हैं। सभी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *