पुलिस को नहीं मिले नस्लीय टिप्पणी के सबूत, मौत की असली वजह आई सामने !

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून। त्रिपुरा निवासी छात्र एंजल चकमा की मौत के मामले में पुलिस की शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि यह विवाद एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुआ था और अब तक की विवेचना में नस्लीय भेदभाव या नस्लीय टिप्पणी के कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आए हैं।

असली वजह आई सामने !

पुलिस के अनुसार, 9 दिसंबर को मणिपुर निवासी सूरज ख्वास ने अपने बेटे के जन्मदिन की पार्टी आयोजित की थी। इस पार्टी में कई लोग मौजूद थे। जांच में सामने आया है कि पार्टी के दौरान आपसी मजाक चल रहा था, लेकिन इसी दौरान एंजल चकमा और उनके भाई माइकल चकमा को लगा कि मजाक उनके खिलाफ किया जा रहा है। इसी गलतफहमी को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

विवाद के दौरान एंजल चकमा और उनके भाई को गंभीर चोटें आईं। इलाज के दौरान एंजल चकमा की मौत हो गई। इस घटना के बाद मामला काफी संवेदनशील हो गया और सोशल मीडिया पर नस्लीय भेदभाव के आरोप भी लगाए गए, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच में ऐसे आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

नस्लीय टिप्पणी का नहीं मिल सबूत

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि इस मामले में शामिल लोग अलग-अलग क्षेत्रों से हैं। सूरज ख्वास मणिपुर के रहने वाले हैं, एक आरोपी नाबालिग और एक अन्य आरोपी नेपाल के निवासी हैं, जबकि दो अन्य आरोपी उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी और पीड़ित पर्वतीय पृष्ठभूमि से जुड़े हैं, ऐसे में नस्लीय टिप्पणी की बात को बल नहीं मिलता। आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं, जिनमें नस्लीय भेदभाव की पुष्टि नहीं हुई है।

 

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। चूंकि एक आरोपी नेपाल का निवासी है, इसलिए नेपाल पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। आरोपी के भारत के विभिन्न हिस्सों में काम करने की जानकारी भी सामने आई है।

इस बीच एंजल चकमा के भाई माइकल चकमा ने कहा कि उनका परिवार भारतीय है और उन्हें देश से प्यार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुख्ता जानकारी के किसी भी तरह की भ्रामक बातें न फैलाएं।

 

उच्च स्तरीय जांच की उठी मांग

उधर, भाजपा के पूर्व सांसद तरुण विजय भी इस मामले में सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने एंजल चकमा के पिता तरुण प्रताप से लगातार संपर्क में रहने की बात कही है। तरुण विजय ने बताया कि वह छात्र की हत्या की उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर गृहमंत्री अमित शाह से मिलने का समय मांग चुके हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही दिल्ली में एंजल चकमा की स्मृति में प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी और सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग भी की जाएगी।

 

फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *