पौड़ी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को उत्तराखंड दौरे के दौरान पौड़ी गढ़वाल से कांग्रेस के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे। राहुल गांधी दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर रहेंगे, जहां वह अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करने के साथ पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी दोपहर करीब 1:45 बजे पौड़ी पहुंचेंगे और कंडोलिया मैदान में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह पूर्व सैनिकों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी, मंत्री प्रसाद नैथानी, विधायक लखपत बुटोला सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
राहुल गांधी के कार्यक्रम संयोजक और प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने बुधवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में राहुल गांधी के दौरे को लेकर उत्साह का माहौल है।
उधर, राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी अलर्ट मोड पर हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीओ सदर तपेश कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। वीआईपी रूट, सभा स्थल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी कोटद्वार के दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ से भी मुलाकात कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि वह उनके जिम की सदस्यता भी ले सकते हैं, हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। राहुल गांधी का रात्रि प्रवास मसूरी में प्रस्तावित है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पौड़ी का कांग्रेस के इतिहास से विशेष संबंध रहा है। पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी यहां चुनावी सभाओं को संबोधित कर चुके हैं। ऐसे में राहुल गांधी का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।