देहरादून कैंट रोड पर तेज रफ्तार कार का कहर, कई वाहनों को मारी टक्कर; सब्जी की दुकान में घुसी कार

MDDA Advertisement

देहरादून: देहरादून में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन सड़क हादसों की तस्वीर सामने आ रही है। ताजा मामला कैंट रोड का है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी और इसके बाद एक सब्जी की दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

बताया जा रहा है कि कैंट रोड पर एक महिला कार चालक अचानक वाहन का संतुलन खो बैठी। इसके बाद कार कई वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी और सब्जी की दुकान में जा घुसी। हादसे में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है, जबकि सब्जी की दुकान भी क्षतिग्रस्त हुई। वहीं, एक दुकानदार को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

 

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना को लेकर लोगों ने हंगामा भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

 

थाना कैंट प्रभारी शंकर बिष्ट ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। महिला कार चालक को हिरासत में लिया गया था। शुरुआती जांच में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस हादसे में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों और सब्जी की दुकान को हुए नुकसान का भी आकलन कर रही है।

 

देहरादून में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बीच 19 अगस्त 2026 को डोईवाला के प्रसिद्ध मणिमाई मंदिर के पास भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई थी। इस तरह हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई थी।

 

उस हादसे को लेकर पुलिस ने बताया था कि आगे चल रहे पिकअप वाहन का अचानक पिछला पहिया निकल गया था, जिससे पिकअप डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर टोल के पास जाम लग गया था और काफी देर तक लोग जाम में फंसे रहे थे। इको कार में सात लोग सवार थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *