उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं। इसके अलावा प्रदेशभर में कई स्थानों पर बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि खराब मौसम का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। आगामी 7 जून तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और ऊंचाई वाले इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं चारधाम यात्रा मार्गों पर भी मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।