देहरादून: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को देहरादून के रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने देश की परीक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और शिक्षा तंत्र को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली पर ऊपर से नीचे तक “माफिया” का कब्जा है और इसका सबसे बड़ा नुकसान युवाओं को उठाना पड़ रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार के एक पिरामिड की तरह काम कर रही है, जिसके शीर्ष पर मंत्रालय और बड़े अधिकारी हैं। उनके अनुसार, इनके नीचे एनटीए जैसी परीक्षा एजेंसियां कार्य करती हैं, जबकि निचले स्तर पर दलाल, पेपर तैयार करने वाले, प्रिंटिंग और ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोग तथा भ्रष्ट कोचिंग सेंटर और परीक्षा केंद्रों का नेटवर्क सक्रिय रहता है।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण देश में योग्य प्रतिभाओं के साथ अन्याय हो रहा है। राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार का ध्यान सेलिब्रिटी कार्यक्रमों और अन्य प्रचारात्मक गतिविधियों पर रहता है, लेकिन युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर नहीं। उन्होंने दावा किया कि इसी व्यवस्था का परिणाम है कि देश में “नकली डॉक्टर और इंजीनियर” तैयार हो रहे हैं।
राहुल गांधी ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए तीन प्रमुख सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को केंद्र में रखकर आधुनिक और लचीली परीक्षा व्यवस्था लागू की जाए, जिसमें परीक्षाएं अलग-अलग दिनों में आयोजित हों और प्रश्नपत्रों का तकनीकी माध्यम से रैंडमाइजेशन किया जाए। साथ ही परीक्षा संचालन पूरी तरह सरकारी नियंत्रण में हो और एनटीए में निष्पक्ष एवं गैर-राजनीतिक लोगों की नियुक्ति की जाए। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पेपर लीक होने पर तत्काल पुनर्परीक्षा के साथ प्रभावित छात्रों को मुआवजा देने की भी मांग की।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों के साथ मंच पर संवाद भी किया और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों का उल्लेख करते हुए एक प्रतीकात्मक “रेट कार्ड” भी दिखाया। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत अमर मेहता को श्रद्धांजलि देकर की।
कार्यक्रम से पहले हुई तेज बारिश के कारण आयोजन स्थल पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई थी। हालांकि, वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था के चलते कार्यक्रम निर्धारित समय पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन के बाद गणेश गोदियाल ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।