हरिद्वार। बहुचर्चित अंकित भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो वायरल मामले और उससे जुड़े विवादों ने तूल पकड़ लिया है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है।
हाल ही में उर्मिला सनावर द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किए गए एक ऑडियो में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम सामने आने के बाद राजनीति में हलचल मच गई थी। इस ऑडियो के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और गहरा गया और अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हो गए।
फिलहाल उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार जिले में चार मुकदमे दर्ज हैं, जबकि देहरादून में भी उनके खिलाफ एक रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, सुरेश राठौर पर भी झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने का आरोप लगाते हुए अलग-अलग थानों में शिकायतें दी गई हैं। संत शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार की ओर से बहादराबाद और झबरेड़ा थानों में भी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। इसके अलावा रानीपुर कोतवाली में भी मामला दर्ज है।
इससे पहले सितंबर 2024 में सुरेश राठौर ने उर्मिला सनावर के खिलाफ ज्वालापुर थाने में ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था।
इन सभी मामलों की निष्पक्ष और एकसाथ जांच के लिए सोमवार को एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सात सदस्यीय एसआईटी का गठन किया।
एसआईटी की अगुवाई एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह करेंगे। टीम में रानीपुर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार, ज्वालापुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा, बहादराबाद थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा, झबरेड़ा थाने के एसआई रविंद्र सिंह, एसपी सिटी कार्यालय के एएसआई रणजीत सिंह बिष्ट, आरक्षी विनय और सीआईयू के आरक्षी वसीम को शामिल किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि अलग-अलग थानों में दर्ज सभी मामलों की गहन जांच और निष्पक्ष निस्तारण के लिए एसआईटी बनाई गई है। अब पूरे प्रकरण पर एसआईटी की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।