देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के दौरान शहर में जगह-जगह कांग्रेस का प्रदर्शन देखने को मिला। पीएम मोदी से सवाल पूछने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता संजय कनौजिया (कद्दू भाई), मोहन काला और नितिन चंचल को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री से सवाल पूछना लोकतंत्र में उनका संवैधानिक अधिकार है, लेकिन मौजूदा शासन में उनके अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार अंकिता भंडारी मामले पर मौन है। साथ ही उन्होंने केदारनाथ मंदिर के 230 किलो सोने को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड नौ हिमालयी राज्यों में महिला अपराध के मामले में शीर्ष पर पहुंच गया है, इस पर भी प्रधानमंत्री मौन क्यों हैं। युवाओं के रोजगार को लेकर भी सवाल उठाए गए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्या देश के प्रधानमंत्री से सवाल पूछना गुनाह हो गया है।