उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती, 22 सितंबर से आवेदन; जानें योग्यता, परीक्षा और शुल्क

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। शारीरिक दक्षता परीक्षा 19 नवंबर से प्रस्तावित है।

 

कुल 200 पदों में सामान्य (अनारक्षित) वर्ग के लिए 105 पद, अनुसूचित जाति के लिए 39, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 21 और अनुसूचित जनजाति के लिए आठ पद आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा नियमानुसार महिला, भूतपूर्व सैनिक, अनाथ, उत्कृष्ट खिलाड़ी और आंदोलनकारियों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।

 

भर्ती के लिए अभ्यर्थी का विज्ञान या गणित विषय के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है। आयु की गणना एक जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष होनी चाहिए। राज्य के आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।

 

महत्वपूर्ण तिथियां

 

ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि: 22 सितंबर 2026

 

आवेदन की अंतिम तिथि: 22 अक्तूबर 2026

 

आवेदन पत्र में संशोधन: 26 से 27 अक्तूबर 2026

 

शारीरिक दक्षता परीक्षा की अनंतिम तिथि: 19 नवंबर 2026 से

 

दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया

 

स्केलर पद के लिए चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा अर्हकारी होगी। पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।

 

दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को शॉट पुट, लंबी कूद और ऊंची कूद में भी भाग लेना होगा। शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया के दूसरे चरण यानी लिखित परीक्षा में शामिल होंगे।

 

लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसकी अवधि दो घंटे रहेगी। परीक्षा वस्तुनिष्ठ एवं ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। इसमें शैक्षिक योग्यता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक-चौथाई ऋणात्मक अंक काटे जाएंगे।

 

आवेदन शुल्क

 

सामान्य और उत्तराखंड ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। उत्तराखंड एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 150 रुपये है। वहीं अनाथ अभ्यर्थियों के लिए आवेदन निशुल्क रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *