पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले दून में आतंकी साजिश का खुलासा, पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क का युवक गिरफ्तार

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे से ठीक पहले राजधानी में आतंकी गतिविधियों से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत प्रेमनगर क्षेत्र से 29 वर्षीय विक्रांत कश्यप को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह पाकिस्तान में बैठे आकाओं को देहरादून के सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों की लोकेशन और वीडियो भेज रहा था।

 

अवैध हथियार और डिजिटल साक्ष्य बरामद

गिरफ्तार आरोपित विक्रांत कश्यप निवासी झाझरा, प्रेमनगर के कब्जे से अवैध .32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, आरोपित के संपर्क पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा से पाए गए हैं।

सोशल मीडिया के जरिये संपर्क

जांच में सामने आया है कि आरोपी Instagram और WhatsApp के माध्यम से लगातार संपर्क में था। उनके निर्देश पर वह शहर के संवेदनशील स्थानों की रेकी कर रहा था।

एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी ने आईएसबीटी देहरादून, पुलिस मुख्यालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की वीडियो फुटेज और लोकेशन पाकिस्तान भेजी।

‘तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान’ के नाम से पेंटिंग

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी को “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान” के नाम से शहर की दीवारों पर स्प्रे पेंट कर दहशत फैलाने के निर्देश दिए गए थे। उसने कई स्थानों पर पेंटिंग कर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी अपने हैंडलर्स को भेजी।

दुबई भेजने का लालच

एसटीएफ के अनुसार, आरोपी को नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और बदले में धनराशि देने का लालच दिया गया था। मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर जांच तेज कर दी गई है।

सुरक्षा घेरा और कड़ा

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए देहरादून में पहले से ही बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। संवेदनशील स्थलों, कार्यक्रम स्थलों और मार्गों पर पुलिस, खुफिया इकाइयों और केंद्रीय एजेंसियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

इस गिरफ्तारी के बाद शहर के प्रवेश मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख सरकारी परिसरों में चेकिंग अभियान और तेज कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *