देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली को अधिक पारदर्शी, तकनीकी रूप से मजबूत और समयबद्ध बनाने की दिशा में कई अहम फैसले लिए गए हैं। ऑनलाइन मानचित्र पत्रावलियों के निस्तारण, तकनीकी खामियों, डिजिटल डाटा की सुरक्षा और वित्तीय व्यवस्था को लेकर हुई बैठक में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों को तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में सामने आया कि ऑनलाइन मानचित्र से संबंधित 399 पत्रावलियां निर्धारित समय-सीमा पूरी होने के बाद तकनीकी त्रुटि के कारण Auto Reject अथवा Deemed Approved हो गई थीं। उपाध्यक्ष ने ऐसी सभी पत्रावलियों को वर्तमान स्थिति में निरस्त कर संबंधित आवेदकों से उन्हें दोबारा Resubmit कराने के निर्देश दिए। इसके बाद सभी मामलों में नियमानुसार ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी खामियों के कारण किसी भी आवेदक को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।
डुप्लीकेट फाइलों पर लगेगी रोक
बैठक में एक ही आवेदन के आधार पर दोहरी अथवा Duplicate Files तैयार होने का मामला भी सामने आया। इस पर अधिकारियों को तकनीकी खामी की जांच कर प्रभावित पत्रावलियों को जल्द Rectify करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भविष्य में एक आवेदन के लिए एक ही पत्रावली तैयार हो, इसके लिए सिस्टम में आवश्यक तकनीकी सुधार किए जाएंगे।
समय-सीमा से पहले मिलेगा अलर्ट
मानचित्र पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण के लिए ऑनलाइन प्रणाली में Pop-up, Notification और Alert की सुविधा विकसित की जाएगी। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों को समय-सीमा पूरी होने से पहले लंबित पत्रावलियों की जानकारी मिल सकेगी। इससे Auto Reject अथवा Deemed Approved होने की स्थिति को रोकने में भी मदद मिलेगी।
डेडिकेटेड सर्वर और AI सिस्टम होगा विकसित
डिजिटल डाटा की सुरक्षा को लेकर भी एमडीडीए में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्राधिकरण के महत्वपूर्ण डाटा को साइबर हमलों और तकनीकी जोखिमों से सुरक्षित रखने के लिए Dedicated Server विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ सुरक्षित बैकअप व्यवस्था भी तैयार की जाएगी।
एमडीडीए के लिए AI आधारित एप्लिकेशन/सिस्टम विकसित करने की भी योजना है। इसमें प्राधिकरण से संबंधित आवश्यक डाटा और अभिलेख एकीकृत रूप से उपलब्ध होंगे, जिससे एक ही सर्च के माध्यम से संबंधित जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी।
वित्तीय प्रविष्टियों का होगा रोजाना मिलान
बैठक में Finance Module की भी समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि सभी वित्तीय प्रविष्टियों और पत्रावलियों का Reconciliation प्रतिदिन उसी दिन पूरा किया जाए। किसी भी वित्तीय प्रकरण को अगले दिन के लिए लंबित नहीं रखा जाएगा। इसके साथ ही लंबित Balance Sheets को प्राथमिकता के आधार पर तैयार और अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। तकनीकी खामी के कारण आवेदकों को परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि ऑनलाइन मानचित्र प्रणाली की तकनीकी कमियों को चिन्हित कर उनका समाधान किया जा रहा है और डाटा सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता व डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।