मंगलौर में SIR को लेकर गरमाई सियासत, फर्जी आपत्तियों का आरोप; कांग्रेस विधायक ने SP देहात से की शिकायत

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

रुड़की। हरिद्वार जिले की मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर सियासी विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। मंगलौर से कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एसपी देहात कार्यालय पहुंचकर SIR के दौरान कथित तौर पर फर्जी तरीके से आपत्तियां दर्ज किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

 

कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन, मंगलौर नगर पालिका अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी और रुड़की महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल से मुलाकात की। इस दौरान जावेद नाम के शिकायतकर्ता ने भी लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच की मांग की।

 

फॉर्म-7 के गलत इस्तेमाल का आरोप

 

विधायक काजी निजामुद्दीन का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान गलत तरीके से फॉर्म-7 जमा कराए जा रहे हैं। कई मामलों में जिन मतदाताओं के नाम पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं, उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं है। कांग्रेस का कहना है कि इस तरह की कथित फर्जी आपत्तियों के जरिए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

शिकायतकर्ता जावेद ने भी पुलिस को दिए पत्र में मामले की जांच कर कथित रूप से फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

SP देहात ने दिए जांच के निर्देश

 

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि विधायक काजी निजामुद्दीन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शिकायतकर्ता जावेद ने मुलाकात कर शिकायती पत्र दिया है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारी को मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

निष्पक्षता और पारदर्शिता की मांग

 

काजी निजामुद्दीन ने कहा कि चुनाव आयोग को SIR की प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी भी तरह के दबाव में आकर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए और फर्जी आपत्तियों की शिकायतों की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।

 

SIR प्रक्रिया को लेकर हरिद्वार जिले में कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। इससे पहले कांग्रेस विधायक और कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे थे और फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया था। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया था कि राजनीतिक लाभ के लिए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है। अब मंगलौर में पुलिस के समक्ष शिकायत पहुंचने के बाद यह मुद्दा और गरमा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *