हरिद्वार। अपने ही शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से खुलेआम फायरिंग करना और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना दूल्हे को भारी पड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद कनखल पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच की और फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार निवासी टांडा मेहतौली, सुल्तानपुर, थाना लक्सर के रूप में की। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, 26 जुलाई को लक्सर रोड स्थित एक वाटिका फार्म में योगेश कुमार की शादी की पार्टी आयोजित की गई थी। इसी दौरान दूल्हे ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कथित तौर पर बिना अनुमति कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की नजर इस पर पड़ी।
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के दौरान फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार के रूप में हुई। जांच में शादी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति फायरिंग किए जाने की पुष्टि हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शादी समारोह और सार्वजनिक आयोजनों में लाइसेंसी हथियार से इस तरह फायरिंग करना नियमों का उल्लंघन है। सोशल मीडिया पर रौब दिखाने के लिए हथियारों के साथ वीडियो बनाकर फायरिंग करने के मामलों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है।
गनीमत रही कि फायरिंग के दौरान गोलियां आसमान की ओर चलाई गईं और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 30 के तहत कार्रवाई की है।