देहरादून। भारत के दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा का शुक्रवार 12 जून की सुबह दिल्ली के साकेत मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। तीन दिन पहले हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें साकेत मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी अस्पताल में आज उनकी मौत हो गई।
निधन के बाद उनकी डेड बॉडी परिजनों को सौंप दी गई। इसके बाद पार्थिव शरीर को दिल्ली के सैनिक फार्म स्थित उनके घर लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के ग्रुप चेयरमैन डॉ. बलबीर सिंह ने इंटरनेशनल शूटर और भारतीय शूटिंग टीम के हाई परफॉर्मेंस कोच जसपाल राणा को लेकर एक बयान जारी किया है।
बयान के अनुसार, जसपाल राणा को तीन दिन पहले एक्यूट हार्ट अटैक आया था। वह ट्रैवल कर रहे थे और अस्पताल पहुंचने से पहले उन्हें सीने में दर्द हो रहा था। उनकी हालत बेहद गंभीर थी। हार्ट अटैक के लिए जिम्मेदार आर्टरी पूरी तरह ब्लॉक हो गई थी। जांच में पता चला कि उनके हार्ट का पंपिंग फंक्शन बहुत कमजोर हो गया था और उन्हें हार्ट फेलियर हो गया था।
बयान में कहा गया है कि हार्ट अटैक के बाद देर से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को गंभीर कॉम्प्लीकेशंस का खतरा होता है, जिसमें कार्डियक रप्चर भी शामिल है, जिससे अचानक मौत हो सकती है।
डॉ. बलबीर सिंह के अनुसार, जसपाल राणा की हालत में काफी सुधार हो गया था और वह शुक्रवार को डिस्चार्ज के लिए फिट थे। हालांकि, सोते समय अचानक उनका कार्डियक रप्चर हो गया, जिससे उनकी मौत हो गई।