कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले से पहले बड़ी कार्रवाई, रेलवे की 10 बीघा जमीन से हटाया अतिक्रमण

हरिद्वार: आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले की तैयारियों के बीच हरिद्वार में रेलवे की करीब 10 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने रेलवे की जमीन पर वर्षों से बने 50 से अधिक अवैध झुग्गी-झोपड़ियों को ध्वस्त कर कब्जा हटाया।

मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट हरि गिरी के नेतृत्व में रेलवे, जिला प्रशासन, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम टीबड़ी क्षेत्र में पहुंची। कार्रवाई से पहले झुग्गियों में रह रहे लोगों को अपना सामान हटाने के लिए करीब दो घंटे का समय दिया गया। निर्धारित समय पूरा होने के बाद जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया और टीम के साथ हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही। अधिकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अभियान को पूरा कराया।

अभियान के दौरान झुग्गियों से बिजली के तार, कूलर, पंखे और अन्य घरेलू सामान बरामद हुए। अधिकारियों का कहना है कि इससे प्रतीत होता है कि अतिक्रमणकारियों को लंबे समय से कुछ स्तरों पर संरक्षण प्राप्त था। रेलवे प्रशासन की ओर से पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

झुग्गियों को हटाने के दौरान एक हादसा भी होते-होते टल गया। जेसीबी द्वारा एक झुग्गी को तोड़ते समय पूरी संरचना अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में तीन से चार पुलिसकर्मी और रेलवे कर्मचारी आ गए। हालांकि झुग्गियां बांस और हल्के सामग्री से बनी होने के कारण कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ।

कार्रवाई के दौरान कई लोगों ने दावा किया कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और उनके वोटर कार्ड भी बने हुए हैं। हालांकि अधिकारियों द्वारा दस्तावेज दिखाने को कहने पर उन्होंने कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया।

सिटी मजिस्ट्रेट हरि गिरी ने बताया कि कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले को देखते हुए शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस देकर पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *