विकासनगर: देहरादून जिले के कालसी तहसील क्षेत्र में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने एक किसान परिवार को भारी नुकसान पहुंचाया। ग्राम पंचायत भंजरा के मसोटी खेड़ा स्थित दो मंजिला आवासीय भवन (छानी) में अचानक आग लगने से पूरा भवन जलकर राख हो गया। हादसे में 12 मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि घर में रखा सामान और पशुओं का चारा भी नष्ट हो गया।
आग ने कुछ ही देर में लिया विकराल रूप
जानकारी के अनुसार, पशुपालक भोपालू पुत्र काडिया रोज की तरह पशुओं को चारा-पानी देने के बाद अपने गांव पजोटा लौट गए थे। देर रात अचानक भवन में आग लग गई। आग की लपटें देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरी छानी में फैल चुकी थी।
12 मवेशियों की दर्दनाक मौत
ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर पशुओं को बचाने की कोशिश की। इस दौरान दो बैल और दो बकरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 8 बकरियां, एक भैंस, दो गाय और एक बछड़ा आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। इसके अलावा भवन में रखा घरेलू सामान और पशुओं के लिए रखा चारा भी पूरी तरह राख हो गया।
परिवार को भारी आर्थिक झटका
पशुपालन ही भोपालू की आजीविका का मुख्य साधन था। ऐसे में इस अग्निकांड से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान के साथ गहरा मानसिक आघात भी पहुंचा है।
राहत की मांग, प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा राणा ने राजस्व विभाग को जानकारी दी। पूर्व बीडीसी सदस्य एवं भाजपा नेता कांति राणा ने एसडीएम कालसी से तत्काल सरकारी राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही मामले की जानकारी जिलाधिकारी को भी दी गई।
वहीं, तहसीलदार कालसी सुशीला कोठियाल ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के पटवारी को घटनास्थल का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार राहत सहायता की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।