देहरादून: उत्तराखंड शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में मामूली फेरबदल किया है। शासन की ओर से देर रात जारी सूची में कुल छह अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें सबसे अहम बदलाव आईएएस अधिकारी आनंद श्रीवास्तव की तैनाती को माना जा रहा है, जिन्हें महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी दी गई है।

महानिदेशक कृषि एवं उद्यान का पद काफी समय से रिक्त चल रहा था। इससे पहले आईएएस अधिकारी वंदना इस पद की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, लेकिन उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद यह पद खाली था। अब आनंद श्रीवास्तव को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ताजा फेरबदल में निर्वाचन की जिम्मेदारी संभाल रहे विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव गृह की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं विनोद गिरि गोस्वामी से अपर सचिव आवास का दायित्व वापस लिया गया है। पीसीएस अधिकारी सुंदरलाल सेमवाल से भी अपर सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी हटा दी गई है। सुंदरलाल सेमवाल जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिसके चलते उनके दायित्वों में पहले ही बदलाव किया जा रहा है।
सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। सुनील सिंह को अपर सचिव आवास की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वह पहले से अपर सचिव राजस्व का दायित्व संभाल रहे हैं। वहीं प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रहीं महिमा रौकली को अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हालांकि शासन स्तर पर हुए इस फेरबदल को सामान्य बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेश में लंबे समय से बड़ी तबादला सूची का इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई जिलों के जिलाधिकारी और विकास प्राधिकरणों में भी बदलाव हो सकते हैं। इसके साथ ही शासन स्तर पर सचिव स्तर के कुछ महत्वपूर्ण पदों पर भी फेरबदल की तैयारी चल रही है।
सूत्रों के मुताबिक बड़ी तबादला सूची को लेकर शासन स्तर पर होमवर्क लगभग पूरा किया जा चुका है। एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 सितंबर के बाद बड़ी तबादला सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है।