चंपावत: जिले के बनबसा क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। चंपावत एसओजी में तैनात एक जवान की जिम में व्यायाम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार गिरीश भट्ट (38 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय जयदेव भट्ट, निवासी भजनपुर बनबसा, सोमवार शाम बनबसा स्थित एक जिम में नियमित व्यायाम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें खटीमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान की मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।
परिवार में मचा कोहराम
गिरीश भट्ट की आकस्मिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनकी पत्नी गृहिणी हैं और उनके दो बेटे हैं। गिरीश भट्ट मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के निवासी थे और वर्तमान में एसओजी चंपावत में तैनात थे।
पुलिस महकमे में शोक की लहर
मृतक जवान गिरीश भट्ट को एसओजी के तेज-तर्रार और कर्तव्यनिष्ठ जवानों में गिना जाता था। पुलिस के कई महत्वपूर्ण अभियानों में उनकी सक्रिय भूमिका रही थी। उनकी असामयिक मृत्यु से पुलिस विभाग को गहरा आघात पहुंचा है।
पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव सहित पुलिस अधिकारियों, जवानों, व्यापार मंडल बनबसा और विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने गिरीश भट्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मृतक जवान का अंतिम संस्कार बनबसा स्थित शारदा घाट श्मशान घाट में पूरे सम्मान और नम आंखों के साथ किया गया।