चंपावत: जिले के टनकपुर-बिचई क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर टैक्सी कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर में टैक्सी चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर में सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट निवासी हरीश (34) पुत्र मोहन राम यात्रियों को छोड़कर टैक्सी से टनकपुर लौट रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे बिचई स्थित सेल्स टैक्स कार्यालय के पास उनकी टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से उप जिला अस्पताल टनकपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई।
हादसे में ट्रैक्टर चालक दयाराम, उनकी पत्नी रामवती और राजेश्वरी भी घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि चंपावत जिले में लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। इससे पहले बाराकोट क्षेत्र में कार के खाई में गिरने और आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।