नैनीताल के गेठिया में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी कार; 2 पर्यटकों की मौत, 2 गंभीर

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के गेठिया क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उन्नाव से घूमने आए चार पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीतांबर नगर, उन्नाव निवासी अंकित चौधरी अपने साथियों अभिराज, अतुल दुबे और श्याम के साथ कार से जागेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। हल्द्वानी से आगे बढ़ते हुए जब वाहन गेठिया क्षेत्र में पहुंचा, तभी अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया।

हादसे में अंकित चौधरी और अभिराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *