गहरी खाई में गिरी कार, पूर्व सैनिक की मौत; 3 घंटे चला रेस्क्यू

चमोली: उत्तराखंड के नंदकेशरी-चिड़िगा सड़क मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें एक पूर्व सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान कोठी गांव निवासी 43 वर्षीय दर्शन सिंह के रूप में हुई है, जो शुक्रवार रात चिड़िगा गांव से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नंदकेशरी से लगभग एक किलोमीटर दूर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही चिड़िगा, चेपडों और कोठी गांव के स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि शव वाहन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिससे उसे निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर शव को बाहर निकाला। रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से शव को खाई से सड़क तक लाया गया। रात करीब 12 बजे शव को सड़क तक पहुंचाया जा सका।

इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली भेजा गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम थराली अस्पताल में ही कराने का आग्रह किया है।

दर्शन सिंह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *