उत्तरकाशी: उत्तराखंड के चारधामों में गैर सनातनियों के प्रवेश को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच गंगोत्री धाम से एक बड़ा फैसला सामने आया है। Gangotri Temple मंदिर समिति ने अब दर्शन व्यवस्था को लेकर नया नियम लागू करने की तैयारी कर ली है, जिसके तहत श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश से पहले पंचगव्य ग्रहण करना अनिवार्य होगा।
मंदिर समिति के अनुसार, पंचगव्य में दूध, दही, घी, गोमूत्र और गोबर शामिल होते हैं। समिति का मानना है कि यह प्रक्रिया धार्मिक शुद्धता और आस्था से जुड़ी परंपराओं को बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की जा रही है।
समिति पहले ही गैर सनातनियों के मंदिर में प्रवेश पर रोक लगाने का आदेश जारी कर चुकी है। अब इस नई व्यवस्था के तहत प्रवेश द्वार पर ही श्रद्धालुओं के लिए पंचगव्य ग्रहण की व्यवस्था की जाएगी, जिसके बाद ही उन्हें मंदिर में दर्शन की अनुमति दी जाएगी।
मंदिर समिति के सचिव ने बताया कि इस पूरे सिस्टम को व्यवस्थित ढंग से लागू करने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया जा रहा है। यह कमेटी मंदिर में प्रवेश से जुड़े सभी नियमों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और धार्मिक परंपराओं का भी पालन सुनिश्चित हो सके।
इधर, Yamunotri Temple मंदिर समिति भी इस मुद्दे पर जल्द फैसला लेने वाली है। जानकारी के अनुसार, 24 मार्च को यमुना जयंती के अवसर पर आयोजित बैठक में गैर सनातनियों के प्रवेश को लेकर चर्चा की जाएगी और अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।