हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर रह रही एक बांग्लादेशी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से बांग्लादेशी पासपोर्ट और नेशनल आईडी के साथ कई फर्जी भारतीय दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मामले में दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले एक अन्य दिव्यांग आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी Navneet Singh ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ज्वालापुर पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। बुधवार को वैष्णवी एन्क्लेव, रामानंद कॉलेज के पास सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध महिला को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने नाम बदलकर भारत में रहने की बात स्वीकार की।
वीजा समाप्ति के बाद भी अवैध रूप से रह रही थी
जांच में सामने आया कि महिला का वास्तविक नाम सहेला बेगम है, जो बांग्लादेश के कुमीला क्षेत्र की निवासी है। वर्ष 2023 में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए श्यामदास के कहने पर वह भारत आई थी। वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद वह अवैध रूप से पहले दिल्ली और बाद में हरिद्वार में रह रही थी।
आधार, पैन और पासपोर्ट तक बनवा लिए
पुलिस के अनुसार हरिद्वार पहुंचने के बाद आरोपी महिला ने अपने साथी श्यामदास की मदद से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और विवाह प्रमाणपत्र जैसे फर्जी दस्तावेज तैयार करा लिए थे।
पुलिस ने श्यामदास को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो बिलासपुर, छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।