ज्योतिर्मठ। ज्योतिर्मठ पीठ के शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। आधिकारिक नंबर पर आपत्तिजनक टेक्स्ट और ऑडियो संदेश आने के बाद पीठ से जुड़े संतों और अनुयायियों में हड़कंप मच गया है।
मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पिछले कुछ वर्षों से देशभर में “गौ माता – राष्ट्रमाता” अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में आगामी 3 मई से उत्तर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में उनकी “गविष्ठी यात्रा” प्रस्तावित है, जिसके तहत वे गौ रक्षा के समर्थन में जनजागरण करेंगे।
आधिकारिक नंबर पर आए धमकी भरे संदेश
जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को रात 10:25 से 10:35 बजे के बीच ज्योतिर्मठ के आधिकारिक नंबर पर लगातार आपत्तिजनक टेक्स्ट संदेश प्राप्त हुए। नंबर ब्लॉक करने के बाद 6 अप्रैल को दो वॉइस मैसेज भी आए।
पीठ की ओर से साझा किए गए विवरण के अनुसार, पहले ऑडियो संदेश में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा गया कि शंकराचार्य “बच नहीं पाएंगे” और “अतीक अहमद की तरह मारे जाएंगे।” संदेश में यात्रा के दौरान हमला करने और “बीच रास्ते खत्म कर देने” जैसी धमकियां दी गईं।
दूसरे संदेश में भी इसी तरह की भाषा का प्रयोग करते हुए कहा गया कि उनका “समय आ गया है” और “उन्हें खत्म करने के लिए बहुत लोग तैयार हैं।” संदेश में उन्हें सामने आकर बात करने की चुनौती भी दी गई।
(नोट: संदेशों में अत्यंत आपत्तिजनक और अश्लील शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिन्हें सार्वजनिक शालीनता के मद्देनजर प्रकाशित नहीं किया जा रहा है।)
विधिक कार्रवाई की तैयारी
मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले में शीघ्र ही विधिक कार्रवाई की जाएगी। शंकराचार्य के अधिवक्ता के माध्यम से संबंधित प्राधिकरणों में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।