डाकपत्थर में चेकिंग के दौरान छात्रों ने पुलिसकर्मी पर चढ़ाई कार, एक सिपाही गंभीर घायल

देहरादून। शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच विकासनगर क्षेत्र के डाकपत्थर इलाके में देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। चेकिंग के दौरान कार रोकने पर गुस्साए छात्रों ने पुलिसकर्मी पर कार चढ़ा दी, जिसमें एक सिपाही और एक स्थानीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में चार छात्रों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी छात्र अस्पताल में भर्ती है। सभी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।

ऑपरेशन ‘प्रहार’ के दौरान हुई घटना

कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि मंगलवार देर रात ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत कोतवाली विकासनगर की संयुक्त टीम डाकपत्थर तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरबर्टपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हरियाणा नंबर की काले रंग की कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेजी से डाकपत्थर पुल नंबर-1 की ओर भगा दिया।

संदेह होने पर उपनिरीक्षक नौशाद अंसारी, कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार और कांस्टेबल राजेन्द्र बर्तवाल ने कार का पीछा किया। कार धनवंतरी चौक के पास रुकती दिखाई दी।

गाली-गलौज के बाद जान से मारने की कोशिश

पुलिस के अनुसार जैसे ही टीम पूछताछ के लिए आगे बढ़ी, कार सवार छात्रों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कार को तेज गति से पीछे करते हुए पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दिया। इस हमले में कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी विपिन भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। कांस्टेबल राजेन्द्र बर्तवाल बाल-बाल बच गए।

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और धमकी दी कि दोबारा वाहन रोका गया तो जान से मार देंगे। घायलों को तुरंत लेहमन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से घायल सिपाही को देहरादून रेफर कर दिया गया।

बल्लीवाला फ्लाईओवर पर दुर्घटनाग्रस्त हुई कार

घटना के बाद आरोपी देहरादून की ओर भाग निकले और पुलिस से बचने के लिए गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल किया। बाद में बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में चालक गौरव चौधरी पुत्र सुधीर चौधरी, निवासी नई कॉलोनी, निकट गोगामाड़ी मंदिर डाकपत्थर घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने वाहन में सवार एक अन्य युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि दुर्घटना के बाद तीन अन्य साथी रास्ते में उतरकर फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मुकदमा दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

हाल ही में रोडरेज की घटना में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत के बाद इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *