महंगे शौक ने बनाया वाहन चोर, सेलाकुई में स्कूटी चोरी का खुलासा; आरोपी गिरफ्तार

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

सेलाकुई: सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में हुई स्कूटी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है। आरोपी सेलाकुई क्षेत्र के एक औद्योगिक संस्थान में मजदूरी करता था और अपने खर्चों व महंगे शौक पूरे करने के लिए उसने स्कूटी चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

 

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को गौतम पुत्र पवन कुमार निवासी बदरपुर, पांवटा साहिब, सिरमौर, हिमाचल प्रदेश ने थाना सेलाकुई में तहरीर देकर बताया था कि कृष कंपनी के पास से उनकी सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी संख्या HP17E-2855 चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान करते हुए उसकी तलाश शुरू की।

 

इसी क्रम में 10 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मिलन चौक से नदी की ओर जाने वाले रास्ते से सुनील सिंह कुंवर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई एक्टिवा भी बरामद कर ली।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सेलाकुई स्थित एक औद्योगिक संस्थान में मजदूरी करता है। अपने खर्चों और महंगे शौक पूरे करने के लिए उसने स्कूटी चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की स्कूटी को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील सिंह कुंवर पुत्र हरि सिंह कुंवर, निवासी ग्राम लंगसी, थाना जोशीमठ, जिला चमोली, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी संख्या HP17E-2855 बरामद की है।

 

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज शुक्ला, कांस्टेबल संदीप कुमार, इरशाद और बीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *