चीन सीमा को जोड़ने वाली सोबला-ढाकर सड़क भूस्खलन से बंद, पंगबावे में टूटी चट्टान, 17 सड़कें बाधित

पिथौरागढ़: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच चीन सीमा को जोड़ने वाली सामरिक महत्व की सोबला-ढाकर सड़क एक बार फिर भूस्खलन की चपेट में आ गई। मंगलवार को धारचूला क्षेत्र के पंगबावे में अचानक पहाड़ी दरकने से विशाल चट्टान टूटकर सड़क पर आ गिरी, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई वाहन या व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे जनहानि टल गई।

 

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पंगबावे क्षेत्र में अचानक पहाड़ी दरकी और भारी मात्रा में बोल्डर तथा मलबा सड़क पर आ गया। पहले से ही बारिश के कारण इस मार्ग पर दो स्थानों पर आवाजाही बाधित थी, जबकि ताजा भूस्खलन के बाद अब तीन स्थानों पर सड़क पूरी तरह बंद हो गई है।

 

घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय वाहन चालकों और ग्रामीणों से फिलहाल इस मार्ग पर आवाजाही नहीं करने की अपील की गई है।

 

बीआरओ अधिकारियों का कहना है कि यदि मौसम ने साथ दिया तो बुधवार तक सड़क को यातायात के लिए बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।

 

गौरतलब है कि सोबला-ढाकर सड़क चीन सीमा तक पहुंचने वाला महत्वपूर्ण सामरिक मार्ग है। इस सड़क के बार-बार बाधित होने से सुरक्षा एजेंसियों की आवाजाही प्रभावित होती है और सीमांत क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था पर भी असर पड़ता है। मार्ग बंद होने से कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए हैं।

 

लगातार हो रही बारिश का असर पूरे जिले में देखने को मिल रहा है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, वर्तमान में पिथौरागढ़ जिले में 17 सड़कें बंद हैं, जिन्हें खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

 

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि जिले में बंद सभी सड़कों को जल्द से जल्द खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *