देहरादून। विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नितिन नवीन की अगुवाई में घोषित 65 सदस्यीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली है।
भाजपा की नई टीम में कुल आठ राष्ट्रीय महासचिव, 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 16 राष्ट्रीय सचिव शामिल किए गए हैं। पार्टी ने कई पुराने चेहरों को जिम्मेदारी बरकरार रखने के साथ ही कुछ नए नेताओं को भी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका दी है।
उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। वहीं महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह संयोजक बनाया गया है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को राष्ट्रीय महासचिव पद पर बरकरार रखा गया है। बीएल संतोष भी राष्ट्रीय महासचिव संगठन के पद पर बने रहेंगे।
पार्टी ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की भी घोषणा की है। इनमें राम माधव, डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत शामिल हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, बैजयंत जय पांडा और रेखा वर्मा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी जारी रखी गई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा भाजपा ने 16 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति की है। नई टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नए चेहरों को जगह दी गई है। पार्टी की नई टीम को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।