रुद्रप्रयाग: हर वर्ष की तरह इस बार भी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की जाएगी। यह तिथि उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पंचांग गणना के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति और तीर्थ पुरोहितों द्वारा तय की जाएगी।
इधर, आगामी केदारनाथ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खासतौर पर राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर तेजी से काम किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत और सुधार कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे हैं।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी संचालकों, मंदिर समिति, होटल व्यवसायियों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारिक संगठनों से संवाद किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा देने के लिए सभी जरूरी कार्य समय से पूरे किए जाएंगे।