उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बदलेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी के आसार; मैदानी इलाकों में कोहरे का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मंगलवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 और 31 दिसंबर को पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। इसका असर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ज्यादा देखने को मिलेगा। दूसरी ओर हरिद्वार, देहरादून और ऊधमसिंह नगर के साथ ही चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 31 दिसंबर को भी प्रदेश में मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रह सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

 

राजधानी देहरादून में रविवार शाम से छाया घना कोहरा सोमवार को भी बना रहा। सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। कोहरे का असर हवाई और रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। देहरादून एयरपोर्ट पर सुबह करीब 12:30 बजे तक कोई भी फ्लाइट लैंड नहीं कर सकी। वहीं अलग-अलग शहरों से आने वाली तीन उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि तीन फ्लाइट्स देरी से पहुंचीं।

 

रेल सेवाएं भी कोहरे से प्रभावित रहीं। देहरादून आने वाली तीन ट्रेनें अपने तय समय से देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *