हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पांच लोगों को भारत की नागरिकता के प्रमाणपत्र प्रदान किए। साथ ही जनसभा को संबोधित करते हुए घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जो भारत का नागरिक नहीं है, उसे देश से बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को भारत से बाहर निकालने का काम किया जाएगा, चाहे केदारनाथ से कन्याकुमारी तक राहुल गांधी जितना भी विरोध करें। शाह ने कहा कि राहुल गांधी को हर चीज में नकारात्मकता ही नजर आती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के नौ साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। भाजपा सरकार ने देश में तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त करने का काम किया है।
गृह मंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि यूसीसी के माध्यम से जनसांख्यिकीय असंतुलन को रोकने में भी मदद मिलेगी। इसके लिए एक हाईपावर कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है, जो जल्द ही काम शुरू करेगी।
कांग्रेस से हिसाब मांगना चाहिए
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस से उनके शासनकाल के दौरान हुए निवेश का हिसाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 से 2016 के बीच केंद्र सरकार ने राज्य को करीब 1 लाख 87 हजार करोड़ रुपये दिए। इसके अलावा केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के विकास, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और 30 राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए गए।
उन्होंने कहा कि 2009 से 2014 के बीच राज्य का औसत बजट 187 करोड़ रुपये था, जबकि भाजपा सरकार के नौ वर्षों में इसे बढ़ाकर 4,770 करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया। वहीं प्रति व्यक्ति आय 2014 में 1.25 लाख रुपये से बढ़कर 2.73 लाख रुपये हो गई है। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) भी बढ़कर 3.50 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
2027 में तीसरा मौका देने की अपील
शाह ने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में बिखर चुकी है और संसद में भी हंगामा करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत और पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने उत्तराखंड की सेवा की है। उन्होंने जनता से 2027 में भाजपा को तीसरी बार मौका देने की अपील की और कहा कि देवभूमि को देश में नंबर एक बनाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वागत
देवभूमि उत्तराखंड पहुंचने पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और राज्य की सांस्कृतिक पहचान की पारंपरिक टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
हरिद्वार पहुंचने के बाद गृह मंत्री ने ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का उद्घाटन भी किया। 1930 हेल्पलाइन के माध्यम से पहली एफआईआर अल्मोड़ा निवासी द्वारा धोखाधड़ी के मामले में दर्ज की गई।
इन लोगों को मिले नागरिकता प्रमाणपत्र
इस अवसर पर पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए शरणार्थियों—शैलेष, जसपाल परमार, दुर्गा लाली राजपूत और हसेरी बाई सहित पांच लोगों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही पांच पुलिस आरक्षियों को राष्ट्रीय सेवा मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
गृह मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान करीब 1100 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। वहीं नई नियुक्ति पाने वाले 2000 पुलिस कर्मियों ने गृह मंत्री का स्वागत किया।
कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
अमित शाह ने हरिद्वार में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान 312.31 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और 115.09 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।
प्रदेश सरकार की ओर से चार साल के कार्यकाल पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें समान नागरिक संहिता, सख्त नकलरोधी कानून, जबरन धर्मांतरण रोकथाम कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून, नए आपराधिक कानूनों के लागू होने, उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक और अग्निवीरों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसे फैसलों की झलक भी प्रदर्शित की गई।
करीब सवा चार घंटे हरिद्वार में रहे शाह
गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में करीब 4.15 घंटे तक रहे। उन्होंने वैरागी द्वीप में राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जनसभा को संबोधित किया और इसके बाद एक निजी होटल में पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक भी की।