हरिद्वार: सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में सोमवार शाम बारिश के दौरान पुलिया पर खेल रहे दो बच्चे अचानक नाले में गिर गए। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण छह वर्षीय बच्ची बह गई, जबकि सात वर्षीय बालिका को आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया। देर शाम तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान रावली महदूद में कृपाल स्कूल के पास बच्चे पुलिया पर खेल रहे थे। बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और इसी दौरान दोनों बच्चे नाले में गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने सात वर्षीय हिमानी को किसी तरह नाले से बाहर निकाल लिया।
वहीं, छह वर्षीय विधिका तेज बहाव की चपेट में आकर नाले में बह गई। पुलिस के अनुसार, विधिका ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, बिजनौर की रहने वाली थी और वर्तमान में कृपाल नगर रावली महदूद में रह रही थी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय शाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ के जवानों को भी बुलाया गया और नाले में कई स्थानों पर बच्ची की तलाश शुरू की गई। तेज बारिश और पानी के बहाव के बीच टीम ने काफी देर तक सर्च अभियान चलाया।
बच्ची की तलाश के लिए आसपास के नालों और संभावित स्थानों पर भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए टीमें अभियान में जुटी हुई हैं।