उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; दून-मसूरी हाईवे पर बढ़ी परेशानी

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून। उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। राजधानी देहरादून में गुरुवार को दिनभर धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही। शहर के अलग-अलग हिस्सों में कई बार हल्की बारिश हुई, जबकि देर रात भी बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, शुक्रवार को उत्तराखंड के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

 

दून में बढ़ा तापमान, कई इलाकों में हुई बारिश

 

देहरादून में मौसम के लगातार बदलते मिजाज के बीच तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान बढ़ने से लोगों को हल्की उमस का सामना करना पड़ा।

 

शहर में 0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं जौलीग्रांट में 20.5 मिलीमीटर, जखोली में 14.5 मिलीमीटर, मालदेवता में 14 मिलीमीटर और ऋषिकेश व थलीसैंण में 12.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

 

दून-मसूरी हाईवे पर लगातार धंस रही सड़क

 

लगातार बारिश के कारण देहरादून-मसूरी मार्ग पर सड़क धंसने और पहाड़ी से मलबा आने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। जगह-जगह सड़क का हिस्सा धंसने से नए डेंजर जोन बन रहे हैं। पहाड़ी से बार-बार मलबा आने के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

 

पिछले कुछ सप्ताह में इस मार्ग पर सड़क धंसने और भूस्खलन की कई घटनाएं हो चुकी हैं। 20 जुलाई को कोल्हूखेत के पास पानीवाला बैंड क्षेत्र में सड़क धंसने के साथ दरारें आई थीं। इसके बाद 22 जुलाई को इसी क्षेत्र में पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गया था और पेड़ भी गिर गए थे।

 

वहीं विगत सप्ताह कुठालगेट और अब 19 अगस्त को पानीवाला बैंड के पास हुए नए धंसाव ने चिंता बढ़ा दी है। सड़क के धंसे हिस्से का तकनीकी आकलन करने के लिए टीमें जुटी हुई हैं।

 

वाटर प्वाइंट बैंड के पास पुश्ता ढहा

 

मसूरी-देहरादून मार्ग पर बुधवार देर रात वाटर प्वाइंट बैंड से पहले सड़क का पुराना पुश्ता भी ढह गया। हालांकि इससे यातायात पूरी तरह बाधित नहीं हुआ। सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बैरिकेडिंग कर एक तरफ से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई।

 

जेई प्रदीप साही के अनुसार, बारिश के कारण पुराना पुश्ता गिरा था। फिलहाल एक तरफ से यातायात सुचारु रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *