डोईवाला टोल प्लाजा के पास भीषण सड़क हादसा, दो की मौत; पांच घायल, तीन की हालत गंभीर

MDDA Advertisement

देहरादून। डोईवाला टोल प्लाजा के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देहरादून-हरिद्वार रोड पर मणिमाई मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े लोडिंग वाहन से इको गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में इको सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार, इको गाड़ी देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसके आगे चल रहे लोडिंग वाहन का अचानक टायर निकल गया। टायर निकलने के बाद लोडिंग वाहन अनियंत्रित हो गया और इको से टकरा गया। इसके बाद इको भी लोडिंग वाहन से जा भिड़ी।

 

हादसे के वक्त इको में कुल सात लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य लोग घायल हो गए।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

हर्रावाला चौकी प्रभारी कमलेश गौड़ ने बताया कि हादसा लोडिंग वाहन का टायर निकलने के बाद उसके अनियंत्रित होने से हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *