देहरादून: उत्तराखंड में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने 2 जुलाई तक के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।
2 जुलाई तक जारी रहेगा येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 29 जून से 2 जुलाई तक राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज से अति तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और गर्जन के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तेज हवाएं और गरज-चमक का असर रहेगा।
30 जून को इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
30 जून को पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज बारिश के दौर चल सकते हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
जुलाई की शुरुआत भी बारिश के साथ
1 जुलाई को नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि 2 जुलाई को नैनीताल, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और चमोली जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज से अति तेज बारिश हो सकती है।
भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 30 जून से 2 जुलाई के बीच संवेदनशील इलाकों में हल्के से मध्यम भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने की घटनाएं हो सकती हैं। इसके अलावा नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका भी जताई गई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम वैज्ञानिकों ने आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। कच्चे और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की अपील की गई है।