2027 चुनाव की तैयारी में जुटी बीजेपी, नितिन नवीन ने विधायकों-सांसदों को दिए बूथ मजबूत करने के निर्देश

देहरादून: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन देहरादून में विधायकों और सांसदों के साथ कई घंटे तक अहम बैठक चली। बैठक में पार्टी संगठन, सरकार की योजनाओं और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों को अभी से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए।

 

देहरादून के एक निजी होटल में आयोजित बैठक में सबसे पहले प्रदेश के विधायकों और सांसदों के साथ मंथन किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर फोकस किया गया। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का मजबूत संगठन है और 2027 में जीत की हैट्रिक के लिए इसे और मजबूत करना जरूरी है।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी विधायकों और सांसदों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने और जनता के बीच संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने गांवों में प्रवास करने, स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान करने और कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।

 

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Mahendra Bhatt ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रत्येक विधायक और सांसद को अपने क्षेत्र से 100 बुद्धिजीवी लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इन लोगों के माध्यम से सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।

 

बैठक में उन विधानसभा सीटों पर भी विशेष चर्चा हुई जहां पिछले चुनावों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी नेतृत्व ने सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को इन सीटों पर विशेष फोकस कर संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने के निर्देश दिए हैं।

 

इसके अलावा बूथ मैनेजमेंट को लेकर भी विस्तृत रणनीति बनाई गई। पार्टी नेतृत्व ने बूथ समितियों को और सक्रिय बनाने, नियमित बैठकें आयोजित करने और लाभार्थियों तक सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। भाजपा का मानना है कि जनता के बीच लगातार मौजूद रहकर और जमीनी स्तर पर काम करके ही 2027 विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *