अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी ट्रैक्टर ट्रॉली, दो युवकों की मौत

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। गधोली क्षेत्र के सुंदरपुर के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली संख्या UK 02 CA 0073 चढ़ाई वाले रास्ते पर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क से कई मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्घटना स्थल दुर्गम और खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ के जवान रस्सियों के सहारे खाई में उतरे और काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय उमेश पुत्र रमेश निवासी अजीतपुर, रामपुर उत्तर प्रदेश और 26 वर्षीय चत्ते राजी पुत्र गंगा राम निवासी कैलाली, नेपाल के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

 

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

 

लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि खतरनाक मोड़ों पर क्रैश बैरियर और मजबूत सुरक्षा दीवारें लगाई जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *