ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रक खेत में गिरा, चालक समेत महिला की मौत

ऋषिकेश: भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक और झोपड़ी में रह रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

 

जानकारी के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि ट्रक करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। ट्रक के साथ सड़क पर लगे दो भारी कंक्रीट डिवाइडर भी टूटकर नीचे जा गिरे। इनमें से एक डिवाइडर सड़क किनारे झोपड़ी में रह रही महिला के ऊपर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक भी वाहन की चपेट में आ गया और उसकी जान चली गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि चालक को टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 

मृतकों की पहचान चालक फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर जनपद हरिद्वार तथा कौशल्या (42) पत्नी सुरेश निवासी बावाडी शिवपुरी के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *